तेज आंधी के बीच सोमवार को अचानक गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के दूल्हिनडीह गांव में आग लग गई, जिससे आठ घर व उनमें रखा सामान जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हलका लेखपाल ने क्षति का आकलन कर प्रशासन को रिपोर्ट सौंप दी है।
दूल्हिनडीह गांव निवासी केसरी ने बताया कि सोमवार को तेज हवा के चलते अचानक उनके घर में आग लग गई। इससे नगदी समेत सारा सामान जल गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की चपेट में आकर मोहम्मद रईश का घर व बाइक, जमशाद के सात हजार रुपय, एक बकरी व सामान, ननके, रामधीरज, जवाहर, शरीफ व शंकर के घर जल गए। दमकल कर्मियों की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
हलका लेखपाल उदयराज मिश्र ने क्षति का आकलन करके रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी। ग्राम प्रधान ओमप्रकाश ने सभी पीड़ित परिवारों को पांच-पांच सौ रुपये व खाने के लिए राशन उपलब्ध कराया। कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज सिंह चौहान ने सभी पीड़ितों के लिए तत्काल दो हजार रुपये की आर्थिक मदद की।