परसपुर/कटरा बाजार। प्रशासन की ओर से लाखों रुपये खर्च कर महीने भर संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया। लेकिन नगर पंचायतों में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जलजमाव के चलते वार्डों में मच्छर पनप रहे हैं। परसपुर नगर पंचायत में न फॉगिंग की गई और न ही दवाओं का छिड़काव किया गया।
चेयरमैन वासुदेव सिंह का कहना है कि फॉगिंग मशीन खराब है, दूसरी मंगाई गई है। वार्डों में दवाओं का छिड़काव कराया गया है। कटरा बाजार नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 में कई स्थानों पर कचरे का ढेर लगा हुआ है। जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। नगर के निवासी अमित कुमार, नीरज, ध्रुव रस्तोगी, मानस कुमार ने बताया कि सफाई कर्मी कचरा उठाने तीन दिन बाद आते हैं। वहीं, वार्ड नंबर 14 के मनीष कुमार ने बताया कि सफाई कर्मियों की लापरवाही के चलते साफ-सफाई नहीं हो रही है।
ईओ धनुषधारी सिंह ने बताया कि सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी। फाॅगिंग कराई जा रही है। नालियों की सफाई करा कर दवा का छिड़काव करा दिया जाएगा।