गोंडा। शहर में 30 साल पुरानी पाइप लाइन से हो रहे पेयजल आपूर्ति को सुधारने के लिए इसे बदला जा रहा है। पहले चरण में जयनरायन चौराहे से पथवलिया तक करीब 13.52 किमी लंबी पाइप लाइन को बदला जा रहा है। इसके लिए अमृत योजना से 4.40 करोड़ का बजट स्वीकृत हो गया है। इससे शहर के एक लाख से अधिक लोगों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति किए जाने की सुविधा मिलेगी। अभी तक पाइप लाइन काफी पुरानी होने से आपूर्ति में कठिनाई हो रही है और कई बार तो पाइप टूट चुकी है। जिसे जोड़ लगाकर चालू कर रखा गया है।
शहर में 4.40 करोड़ से पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइप लाइन बिछाए जाने की कार्रवाई शुरु हो गई है। बताया जा रहा है कि पाइप लाइन बिछाए जाने के लिए जननिगम की ओर से प्रक्रिया शुरू हो गई है। कई सालों से पाइप लाइन को बदलने की मांग की जा रही थी। अमृत योजना में यह कार्य शामिल किया गया है। पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए 140 किलोमीटर की पाइप लाइन है और इसी से शहरी लोगों को आपूर्ति की जा रही है।
अब नए सिरे से पाइप लाइन को बदला जा रहा है, इसकी शुरुआत मुख्य लाइन से शुरू की गई है। इस बार पाइप लाइन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है जिससे की पानी की शुद्घता में कोई कमी न हो। मुख्य लाइन में परिवर्तन करने के साथ ही अन्य लाइनों का भी सर्वे कराया जा रहा है। फिलहाल जयनरायन से पथवलिया मार्ग से जुड़े मोहल्लों के लोगों को ही अभी इस पाइप लाइन से फायदा मिलेगा। इसके बाद पूरे शहर के 140 किमी पाइप लाइन की जांच हो रही है, कहीं कोई जरूरत हुई तो आगे का प्रोजेक्ट तैयार होगा। जलनिगम को इस कार्य को पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
18 किमी और पाइप लाइन बिछाने का प्रस्ताव
नगर क्षेत्र के सभासदों ने अपने क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति भी दुरुस्त करने की मांग की है। सभासदों ने संयुक्त रुप से प्रस्ताव दिए हैं कि पेयजल के लिए पाइप लाइन को बदला जाए। कई असेवित क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछाने की मांग की गई है। इसमें करीब 18 किमी लम्बी पाइप लाइन का प्रस्ताव दिया गया है। इसके लिए करीब 17 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। फिलहाल पहले चरण का कार्य पूरा होने के बाद ही आगे के प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
शहर की 30 साल पुरानी पाइप लाइन है। जिसकों लेकर आये दिन शिकायतें आया करती थीं। कभी इस मोहल्ले में तो कभी उस मोहल्लों में पाइप लाइन लीकेज की शिकायत मिलती थी। जिससे अब शहर वासियों की समस्या का निदान हो जायेगा। जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जो कि पास हो गया। बहुत जल्द ही कार्य प्रारम्भ कराया जायेगा। -उज्मा राशिद, चेयरमैन नगर पालिका परिषद
शहर में पाइप लाइन के लिए बजट आवंटित हुआ है। कार्यदाई संस्था जलनिगम को बनाया गया है। जलनिगम की ओर से समस्त कार्रवाई पूरी करके पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरु होगा। शहर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। -इंजीनियर पीयूष यादव, विशेषज्ञ, शहरी अवसंरचना अमृत मिशन
पेयजल आपूर्ति के लिए बजट मिला है। सर्वे का कार्य हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया पूरी करके कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इससे पेयजल आपूर्ति में बड़ा परिवर्तन होगा। -मुकीम अहमद, एक्सईन जलनिगम