गोंडा। क्षय रोग विभाग में कुर्सी को लेकर चल रही जंग में अब नया मोड़ आ गया है। स्वास्थ्य महानिदेशक ने अब डॉ. अमित भारती को उप जिला क्षय रोग अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जय गोविंद ने बीते माह क्षय रोग विभाग में कार्यरत डॉ. जितेंद्र मिश्र को उप जिला क्षय रोग अधिकारी बनाया था। कर्मचारियों की नाराजगी के बाद सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने इस आदेश को निरस्त कर डॉ. अमित भारती को जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद डॉ. जितेंद्र मिश्र ने उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की। हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में स्वास्थ्य महानिदेशक ने डॉ. जितेंद्र मिश्र के स्थान पर एक बार फिर डॉ. अमित भारती को उप जिला क्षय रोग अधिकारी बनाया है।
इधर, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने शनिवार को सीएचसी काजीदेवर का औचक निरीक्षण किया। साफ-सफाई सहित अन्य कमियां मिलीं। वहीं, 20 कर्मी अनुपस्थित मिले। इस पर सभी का वेतन रोक दिया गया है। साथ ही अन्य कमियों पर जवाब मांगा गया है।
आयुक्त को भेजा शिकायती पत्र
मेडिकल कॉलेज में कार्यरत सेवा प्रदाता कर्मियों को मार्च से मानदेय नहीं मिला है। ऐसे में उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मियों ने आयुक्त देवीपाटन मंडल को शिकायती पत्र भेजा है।