पीड़िता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज की मांग करने, मारपीट करने व पति पर दूसरी शादी कर लेने का आरोेप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के मजरा अयोध्यापुर निवासी जहारा ने धानेपुर थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि चार साल पहले उसकी शादी इम्तियाज के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोेग दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करने लगे।
जहारा का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसके पति इम्तियाज ने दूसरी शादी कर ली। इसका विरोध करने पर उसके पति इम्तियाज, श्वसुर सिराज खां, सास खुशबुन्निसा, ननद गजाला व देवर आफाक खां ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
मंगलवार को धानेपुर थाने पहुंची विवाहिता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी जिस पर मंगलवार की देर शाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज की गई है।