रुपईडीह (गोंडा)। बीडीओ ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। पीएचसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित करीब आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
बीडीओ मंजू त्रिवेदी मंगलवार सुबह 9:35 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपस्थिति पंजिका, स्टाक रजिस्टर, मरीजों का पंजीकरण, कोल्ड चेन, दवाओं का रखरखाव का अवलोकन करते हुए ओपीडी कक्ष में पहुंचीं। जहां पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पूनम यादव, नरेंद्र कुमार मिश्रा, अनुपमा त्रिपाठी, महेंद्र विश्वकर्मा, अग्निवेश श्रीवास्तव, अनुराग तिवारी सहित अन्य कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
वहीं, फार्मासिस्ट वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि कुछ कर्मचारी खरगूपुर सीएचसी में कार्य करते हैं। जिससे वह नहीं है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एक सप्ताह से स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं आई हैं। इसके बाद बीडीओ 9:50 बजे बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुंचीं। जहां पर मुख्य सेविका सुमिता वर्मा अनुपस्थित पाई गईं। जिस पर सीडीपीओ नीतू रावत से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन व स्टाक के बारे में जानकारी प्राप्त की। बीडीओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण देने एवं संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।