डीएम ने शनिवार को कई कार्यालयों को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर विभागीय अफसरों व कर्मियों को कड़ी फटकार भी लगाई। एक सप्ताह के अंदर सभी पत्रावलियां दुरुस्त कराने का अफसरों को निर्देश दिया गया। दोबारा निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर डीएम ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शनिवार को डीएम प्रीति शुक्ला ने उप कृषि निदेशक दफ्तर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दफ्तर के सभी कक्षों में रखीं फाइलों का मुआयना किया। फाइलों में खामियां मिलने पर उप कृषि निदेशक को सहित दफ्तर के कर्मियों को फटकार लगाई और फाइलों को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
किसानों को कृषि यंत्रों व बीज पर दी जाने वाली सब्सिडी आदि के बारे में भी गहन पड़ताल करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महराजगंज तराई थाने का औचक निरीक्षण कर डीएम ने पुलिस अफसरों व कर्मियों को बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया।
इस दौरान डीएम ने कौवापुर स्थित तुलसीपुर ब्लॉक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बीडीओ व एडीओ पंचायत सहित अन्य कर्मियों के कार्यों की पड़ताल की। खामियां मिलने पर सभी अफसरों व कर्मियों को डीएम ने कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल खामियां दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
बीते दिन जिला आपूर्ति कार्यालय का औचक निरीक्षण कर डीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड वितरण व डाटा फीडिंग आदि की जानकारी ली। डीएसओ बृजेश कुमार मिश्र ने डीएम को बताया कि लक्ष्य के सापेक्ष 16789 राशन कार्डों की फीडिंग अभी नहीं हो सकी है।
डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल फीडिंग पूरी कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर इंद्रभूषण वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।