गोंडा। पौधरोपण अभियान के तहत चिन्हित स्थानों की शत-प्रतिशत जिओ टैगिंग कराने के साथ सभी विभागीय अधिकारी अपने विभाग को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष पौधरोपण के लिए गड्ढे खुदवाकर तीन दिन के अंदर रिपोर्ट दें।
डीएम मार्कंडेय शाही ने कलेक्ट्रेट सभागार में पौधरोपण को लेकर आयोजित तैयारी बैठक में पौधरोपण के लिए विभागों ने गड्ढा न खुदवाए जाने पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई।
उन्होंने चेतावनी दी है कि सिर्फ कागजों में पौधे नहीं रोपित किए जा रहे हैं, बल्कि इस बार वे स्वयं इसकी सघन मानीटरिंग कर रहे हैं। फर्जी आंकड़े देने वाले अधिकारी निश्चित ही कार्रवाई के लिए तैयार हो जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग में पौधरोपण के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। जिओ टैगिंग व गड्ढे खोदने की स्थिति से रोजाना अवगत कराया जाए। इसके लिए ज्यादा पेन्डेन्सी वाले विभागों के अधिकारियों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर मानीटरिंग की जाए।
पौधरोपण का शत-प्रतिशत ब्यौरा अभिलेखों में दर्ज कराकर रिपोर्ट दी जाय। पौधों की उठान के बारे में माइक्रोप्लानिंग के तहत कार्य किया जाय। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि पौधरोपण के लिए वन विभाग सहित विभिन्न विभागों को इस वर्ष कुल 49 लाख 47 हजार 995 पौधों को रोपित करने का लक्ष्य शासन से आवंटित किया गया है।