जय-जय हो भोले भंडारी, तेरी महिमा है न्यारी आदि विभिन्न भक्ति गीतों व ओम नम: शिवाय के जयकारों के बीच श्रावण के दूसरे सोमवार पर नगर के सभी शिव मंदिरों और शिवालयों में जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सावन के दूसरे सोमवार पर सुबह से सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा। नगर के दुखहरणनाथ मंदिर पर भोर से श्रद्धालु उमड़ पडे़। बेलपत्र, भांग, धतूरा, अक्षत, फूल लिए श्रद्धालुओं ने लंबी कतार लगाई। इस दौरान लाइन में खडे़ श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारे लगाते रहे।
जिले के खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर पर भोर से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। यहां जिले व विदेश से आए श्रद्धालुओं ने विशाल शिवलाट पर जलाभिषेक किया। इसी तरह बालेश्वरनाथ, करोहनाथ, नागेश्वरनाथ, बाबा बरखंडीनाथ पर पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग रहा।
श्रावण के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। श्रद्धालुओं के जमावड़े को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां की थीं, जिसके मद्देनजर नगर में महिला अस्पताल तिराहे से बेरीकेटिंग की गई थी।
जलाभिषेक कर भगवान शिव को मनाने के लिए महिलाओं व युवतियों में खासा उत्साह दिखा। दुखहरणनाथ मंदिर परिसर ही नहीं, बल्कि नारी ज्ञान स्थली महाविद्यालय की पूरी गली महिला श्रद्धालुओं के सैलाब से जाम रही।
भोर से से ही युवतियां व महिलाएं मंदिरों पर जुट गईं और बारी-बारी से जलाभिषेक किया। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान जय हो भोले भंडारी, तेरी महिमा है न्यारी। बिगड़ी बनाने आए हैं, हम भोले को मनाने आए हैं सहित अन्य कई भक्ति गीतों की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय दिखा।