गोंडा के मंडलायुक्त कार्यालय में बैठक करते कमिश्नर महेंद्र कुमार।
- फोटो : GONDA
गोंडा। आयुक्त सभागार में बुधवार को अपर आयुक्त प्रशासन आरसी शर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा बीएलओ के साथ बैठक कर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण में सहयोग करने की अपील की। जिससे मतदाता पुनरीक्षण का कार्य समय से पूरा कराया जा सके।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि बूथ लेवल एजेंटों की तैनाती यदि न की गई हो तो उनकी तैनाती करके बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर पुनरीक्षण कार्य को समय से पूरा कराने में सहयोग करें। उन्होेंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के साथ दावे आपत्ति से संबंधित फार्म-6, 6ए, 7, 8 एवं 8क के साथ मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपील की है कि जिन नागरिकों की आयु 1 जनवरी, 2020 को 18 वर्ष पूर्ण हो गई है या उससे अधिक हो गयी है और वे मतदाता नहीं बने है तो फार्म-6 पर अपना आवेदन पत्र पासपोट़ साइज के रंगीन फोटोग्राफ्स, निवास से संबंधित साक्ष्य व जन्मतिथि प्रमाण पत्र की फोटोप्रति सहित जमा कर सकते है। इसके अलावा तहसीलों में स्थापित किये गये मतदाता पंजीकरण केन्द्र पर भी निर्धारित फार्म पर दावा जमा किये जा सकते हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश सिंह, एसडीएम सदर वीर बहादुर यादव, नायब तहसीलदार सदर इवेन्द्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी, सीपीआई के दीनानाथ त्रिपाठी, एनसीपी के पंकज कुमार तिवारी, आरएलडी के अध्यक्ष सिद्धेश सिंह सहित अन्य दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।