अर्रा पहाड़ी नाले पर बना पुल बीते दिन बारिश होने से भरभराकर ढह गया। पुल के ढहने से करीब 25 गांवों के 10 हजार लोगों का आवागमन प्रभावित है। लोग जान जोखिम में डालकर किसी तरह आवागमन कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर शीघ्र नया पुल बनवाने की मांग शासन-प्रशासन से की है।
पचपेड़वा थाना क्षेत्र के धनखरपुर हाटी गांव के पास से एक सड़क जनपद सिद्धार्थनगर को जाती है। सड़क के बीच पड़ने वाले अर्रा पहाड़ी नाले पर गत वर्षों में पुल का निर्माण कराया गया था।
बीते दिनों हुई भारी बारिश तथा नाले में आए उफान के चलते यह पुल अचानक ढह गया। क्षेत्र के ग्राम प्रधान श्याम बिहारी, बीडीसी अयोध्या प्रसाद, राजिंद्र दास, आंधी, छोटेलाल, मंजीत कुमार, बुद्धिसागर, मुरली व गफ्फार आदि ने बताया कि इस सड़क से क्षेत्र के करीब 25 गांवों की 10 हजार आबादी का आवागमन होता है।
पुल क्षतिग्रस्त होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है। पुल के पास कभी भी भीषण दुर्घटना होने की संभावना भी बनी हुई है। इन लोगों ने शासन-प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया पुल बनवाने की मांग की है।