मनकापुर। प्रतिबंधित मांस के साथ तस्कर की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ रहा है। विश्व हिंदू महासंघ गोरक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री शांतिभूषण त्रिपाठी ने पशु चिकित्साधिकारी विजय प्रकाश गुप्त पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को पुलिस के साथ मांस के सैंपल की सीलिंग के लिए पशु अस्पताल पहुंचे संगठन के पदाधिकारियों को ड्यूटी पर मौजूद चिकित्साधिकारी शराब के नशे में मिले। उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। इसकी शिकायत तत्काल एसडीएम अवनीश त्रिपाठी से की गई।
शांतिभूषण त्रिपाठी, कृष्ण मोहन, जगन्नाथ और नितीश मिश्र ने प्रदेश प्रभारी प्रवीण दुबे से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद प्रदेश प्रभारी ने सीवीओ और अपर निदेशक पशुपालन से वार्ता कर कार्रवाई की मांग की। विभागीय अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी। एसडीएम ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। (संवाद)