गोंडा। मोतीगंज क्षेत्र की रहने वाली किशोरी की मौत के मामले में परिवारीजनों की मांग पर दोबारा कराए गये पोस्टमार्टम में भी पानी में डूबने से ही मौत की पुष्टि हुई है।
मोतीगंज के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीया किशोरी आठ मई की शाम सात बजे घर से निकली थी। इसके बाद से वह लापता हो गई। नौ मई की दोपहर गांव के समीप सरयू नहर में उसका शव अर्धनग्न अवस्था में उतराता मिला था। पोस्टमार्टम में पानी में डूबने से किशोरी की मौत की पुष्टि हुई। मगर 12 मई को किशोरी के परिजन कई ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव नहर में फेंकने की आशंका जताई।
इस पर उसी दिन देर शाम एसपी गांव पहुंचे और लोगों से मामले की जानकारी ली। एसपी के आदेश पर थाना मोतीगंज में अज्ञात के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। 13 मई को नायब तहसीलदार धानेपुर धर्मेंद्र कुमार की मौजूदगी में कब्र खोदकर किशोरी का शव निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। मोतीगंज थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि दूसरी बार पोस्टमार्टम में भी किशोरी की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है।