गोंडा में धानेपुर के सोहिला झील से युवक का शव निकालती पुलिस की टीम।
- फोटो : GONDA
गोंडा। धानेपुर थाना क्षेत्र के गोंडा-उतरौला मार्ग स्थित सोहिला झील में शुक्रवार को एक युवक का शव उतराता पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला। शव की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि उसके शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं।
गोंडा-उतरौला मार्ग पर धानेपुर थाना क्षेत्र के सोहिला झील में शुक्रवार की सुबह एक शव उतराता दिखाई दिया तो इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर आसपास के कई गांवों के लोग व राहगीर मौके पर जुट गए। क्षेत्रीय चौकीदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिसकर्मियों ने पानी के भीतर घुसकर शव को बाहर निकाला। शव एक युवक का था और पूरी तरह से सड़ा हुआ था। मृतक के शरीर पर कई जगह कटे होने के निशान मिले हैं। स्थानीय लोगों से मृतक की पहचान कराई गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक बाहरी लग रहा है। ऐसे में उसकी हत्या कर शव सोहिला झील में फेंके जाने की आशंका है।
थानाध्यक्ष सभाजीत सिंह का कहना है कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। फिलहाल उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हत्या या हादसे को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मृतक के पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
सोहिला झील के जिस स्थान पर शव बरामद हुआ है उससे 50 मीटर दूर पानी में तैरता हुआ हेलमेट भी बरामद हुआ है। माना जा रहा है हेलमेट मृतक की है। मृतक का शव व हेलमेट दोनों सड़क से करीब 50 मीटर दूर पानी के भीतर उतराते मिले हैं।
जबकि मौके से कोई बाइक नहीं मिली है। स्थानीय लोगों का मानना है कि हो सकता है कि बाइक लूटने के चक्कर में हुई हाथापाई के बाद युवक की हत्या कर दी गयी हो और उसका शव पानी में फेंक दिया गया हो।