फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: लापता युवक का नाले में शव मिला, हत्या की आशंका

Sat, 18 Jan 2025 11:35 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
इटियाथोक के लखनीपुर के पास गड्ढे में युवक का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस की टीम। -संवाद
विज्ञापन
इटियाथोक (गोंडा)। लापता बाइक मैकेनिक शकील (27) निवासी बिरमापुर का शव शनिवार को रमवापुर नायक-लखनीपुर मार्ग पर नाले में मिला है। वह बुधवार शाम शादी में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। तभी से लापता थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
विज्ञापन

बिरमापुर निवासी शकील की इटियाथोक के बाबागंज मार्ग पर बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। बीते बुधवार की रात आठ बजे वह दुकान से घर पहुंचे। फिर कहीं शादी में जाने की बात कहकर निकले थे। पत्नी खुशनुमा ने बताया कि देर रात तक शकील घर नहीं लौटे तो तलाश शुरू की गईं, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। 16 जनवरी को इटियाथोक थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
शनिवार सुबह इटियाथोक में रमवापुर नायक-लखनीपुर मार्ग पर पेंड़ारि नाला पुल के पास बकरी चराने पहुंचे लोगों को शव पड़ा देखा। पुलिस ने नाले से शव निकलवाया। सूचना पर पहुंचीं पत्नी खुशनुमा ने शव की पहचान पति शकील के रूप में की। शकील के चेहरे पर खरोंच के निशान मिले हैं। जबकि बायां कान व दोनों आंखें गायब थीं।
विज्ञापन

पुलिस ने डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम की मदद से छानबीन करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी का कहना है कि शकील की हत्या करके शव फेंका गया है। हालांकि पत्नी ने अभी कोई लिखित शिकायत नहीं की है।
सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने बताया कि पत्नी खुशनुमा ने किसी से भी रंजिश से इन्कार किया है। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया कि प्रथमदृष्टया पुल से लड़खड़ाकर नाले में गिरने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शकील दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई मोहम्मद सईद सऊदी अरब में रहते हैं। पिता शबर अहमद की 26 साल पहले मौत हो गई थी। घर में बुजुर्ग मां आसिया खातून के साथ ही शकील की पत्नी खुशनुमा, बेटा अरहम (06) और छह महीने की बेटी अना है। शकील की मौत से मां, पत्नी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस बिंदु पर पुलिस की नजर
पत्नी खुशनुमा ने पूछताछ में बताया कि शकील की किसी से फोन पर बातचीत होती थी। आशंका है कि वो उसी से मिलने निकले थे। ऐसे में साजिश के तहत शकील की हत्या करने के बाद शव नाले में फेंके जाने की आशंका है। सीओ का कहना है कि इस पहलू पर भी जांच की जा रही है। शकील की बाइक तो नाले के पास मिली है मगर उसकी चाबी और मोबाइल भी नहीं मिला है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें