करनैलगंज (गोंडा)। क्षेत्र के हीरापुर कमियार गांव में शुक्रवार देर शाम घर में अकेले नौ वर्षीय हर्षित का संदिग्ध हालात में शव मिला है। उसके पास एक कुत्ता खड़ा था, जिसके गले के पट्टे का सिरा हर्षित के पास पड़ा मिला। आशंका है कि कुत्ते के साथ खेलते समय पट्टा गले में फंसने से हर्षित की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हारीपुर कमियार निवासी जोखनलाल ने बताया कि उनके भाई विजय कुमार शुक्रवार शाम धार्मिक कार्यक्रम में ढोलक वादन के लिए गए थे। विजय का बड़ा बेटा शिवम दिल्ली में रहता है। विजय की पत्नी ममता, मंझला बेटा विपिन और सबसे छोटा बेटा हर्षित घर में थे। शाम को हर्षित को मवेशी की देखभाल के लिए घर में छोड़कर ममता व विपिन गेहूं कटाई के लिए चले गए। शाम साढ़े छह बजे लौटने पर हर्षित घर के सामने टिन शेड में बेसुध पड़ा मिला। वहां एक कुत्ता भी था। जिसके गले में पट्टा बंधा था। पट्टे का सिरा हर्षित के गले के पास पड़ा था। परिजनों ने हर्षित को सीएचसी करनैलगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। जोखनलाल का कहना है कि हर्षित कुत्ते के साथ खेलता था। आशंका है कि कुत्ते का पट्टा गले में फंसने से उसकी मौत हुई है।
इंस्पेक्टर श्रीधर पाठक ने बताया कि परिजनों ने किसी भी विवाद से इन्कार किया है। प्रथमदृष्टया पट्टा गले में फंसने से मौत की आशंका जताई जा रही है। कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिर भी जांच की जा रही है।
गम में डूबे परिजन
बेटे हर्षित की मौत से ममता बेसुध हो गईं। परिजनों ने किसी तरह से उन्हें संभाला। पिता विजय व दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन गम में डूबे हुए हैं।