यूपी के गोंडा में शनिवार को बेकाबू डीसीएम ने साइकिल सवार दादी-पौत्र को रौंद दिया। दोनों की मौत हो गई। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। हादसा देहात कोतवाली इलाके में गोंडा-अयोध्या हाईवे पर हुआ।
इसमें कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बुजुर्ग दादी धनपता ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल पर बैठी बुजुर्ग महिला दूर जा गिरीं थीं। जबकि साइकिल चला रहे युवक कुलदीप को डीसीएम चालक रौंदता चला गया है।
वहीं, घटना के बाद आसपास लोगों को एकत्र होता देखकर चालक डीसीएम छोड़कर भाग गया। देहात कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मृतक कुलदीप के चचेरे भाई अंकित ने बताया कि चाचा हरिराम दुबई में रहते हैं। उनके तीन बेटों व दो बेटियों में कुलदीप सबसे छोटा था। वहीं स्थानीय स्तर के एक निजी कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ाई कर रहा था।