बालपुर (गोंडा)। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में गोंडा-लखनऊ मार्ग पर सोमवार देर शाम रेरूवा पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार अधेड़ को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अधेड़ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बालपुर चौकी क्षेत्र के बॉस गांव निवासी उदित कुमार पांडेय (55) दीवानी कचहरी में एक अधिवक्ता के मुंशी थे। वह देर शाम साइकिल से अपने घर बांसगांव जा रहे थे। रास्ते में रेरूवा पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उदित को टक्कर मार दी। इससे उदित गंभीर रूप से घायल हो गये। आसपास के लोगों ने बालपुर चौकी पर सूचना दी। चौकी प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उदित की मौत हो गई।