गोंडा। बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनने के लिए जारी विद्युत उपकेंद्रों के सीयूजी नंबरों की व्यवस्था की औचक जांच में लापरवाही सामने आई है। नौ सितंबर को हुई कॉलिंग में 21 उपकेंद्रों के नंबर या तो स्विच ऑफ, नो इनकमिंग, आउट ऑफ नेटवर्क मिले या कॉल रिसीव नहीं हुई। मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित 21 जेई और 21 एसएसओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मनकापुर टाउन व तहसील, कटिलिया चंद्रपुरा, धनुही और जमुनहा उपकेंद्रों के सीयूजी नंबर पर नो इनकमिंग बताया जा रहा था। सहाबा (बाबागंज), मटेरा, चिरई टांडा, घोलिया, डुमरियाडीह, घारीघाट, फखरपुर, रिसिया, महसी और नवाबगंज के नंबर स्विच ऑफ मिले। धानेपुर, डीजल पावर हाउस, रेहरा और खरगूपुर ग्रामीण उपकेंद्र के नंबर आउट ऑफ नेटवर्क मिले। गुल्लावीर और कैलाशपुरी उपकेंद्रों पर फोन रिसीव नहीं किया गया। मुख्य अभियंता ने सभी संबंधित जेई और एसएसओ से तीन कार्यदिवस में स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने सीयूजी नंबर 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने या दोबारा लापरवाही मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।