गोंडा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) जिले में सात और आठ फरवरी को पूरी सख्ती व निगरानी के बीच संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो दिनों तक दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा की पहली पाली सुबह 09:30 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 02:30 बजे से 05:00 बजे तक होगी। परीक्षा का नोडल केंद्र सरकुलर रोड स्थित फातिमा इंटर कॉलेज को बनाया गया है, जहां से पूरे जिले के परीक्षा केंद्रों से समन्वय रखा जाएगा। नोडल केंद्र के प्रभारी फादर अरुन मोरस ने बताया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे व निगरानी टीम की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र पर पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं और जिला प्रशासन के स्तर से भी मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचें ताकि समय पर प्रवेश मिल सके।