मोतीगंज थाना क्षेत्र के सोहांस गांव के पास सोमवार देर रात एक युवती के साथ दुष्कर्म कर उसका कत्ल कर दिया गया। हत्यारे ने कत्ल के बाद उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया। मंगलवार की सुबह वहां लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अभी तक युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले की एफआईआर दर्ज की जाएगी। मोतीगंज थाना क्षेत्र के सोहांस गांव के पास सड़क किनारे मंगलवार सुबह एक 24 वर्षीया युवती का शव पड़ा मिला। उसके सिर और गले पर चोट के निशान थे।
युवती का शव पड़ा होने पर वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों का कहना है कि युवती के साथ दुष्कर्म के बाद उसका कत्ल कर शव सड़क किनारे फेंक दिया गया है। सुबह कहोबा गांव के ग्राम प्रधान शीतला बक्श उर्फ कोदई सिंह ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना मोतीगंज के प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या की सूचना पर सोहांस गांव पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके पर खून, युवती के बाल आदि के नमूने लिए हैं। इसे जांच के लिए लखनऊ भेजा जाएगा। फोरेंसिक टीम के एक्सपर्ट रामेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क पर बिखरे खून व युवती के बाल का नमूना लिया गया है, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब लखनऊ भेजा जाएगा।