ट्रेनों में फेरी करने वाले एक युवक को सूदखोर से 20 फीसदी ब्याज पर 18 हजार रुपये लेना मंहगा पड़ गया। सूदखोर ने युवक से डेढ़ साल में 18 हजार की जगह 50 हजार रुपये वसूल लिए। मगर उसके बाद भी उससे और रुपये की मांग करता रहा।
फेरी वाले ने जब उसे रुपये नहीं दिए तो सूदखोर ने तीन दिन पहले युवक को पकड़ लिया और उसे छह घंटे तक बंधक बनाकर पीटा। सूदखोर ने उसके पास से 500 रुपये भी छीन लिए। पिटाई से परेशान युवक ने जब सूदखोर को ब्याज समेत मूलधन भी देने का वादा किया, तब उसे छोड़ दिया गया। इस मामले में फेरी वाले ने कोतवाली करनैलगंज में सोमवार को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सकरौरा ग्रामीण के मजरा भिंभापुुरवा के रहने वाले अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि करनैलगंज नगर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी एक सूदखोर से उसने डेढ़ साल पहले तीन किस्तों में पहले नौ हजार, छह हजार इसके बाद तीन हजार रुपये ब्याज पर लिए थे।
अनिल के मुताबिक डेढ़ साल में 20 फीसदी ब्याज की दर से वह सूदखोर को 50 हजार रुपये दे चुका था। मगर सूदखोर उससे मूलधन समेत और रुपये मांग रहा था। मगर उसकी माली हालत ठीक न होने के कारण वह सूदखोर को और रुपये नहीं दे सका। अनिल ने बताया कि 23 दिसंबर की दोपहर वह बाजार गया था। तभी सूदखोर ने दोपहर दो बजे उसे पकड़ लिया और अपने घर के कमरे में बंधक बना लिया।
अनिल ने बताया कि सूदखोर ने अपने तीन साथियों संग मिलकर उसकी पिटाई की। अनिल के मुताबिक जब उसने सूदखोर की इच्छा के अनुसार उसे मूलधन के साथ ही और ब्याज देने को कहा, तब उसे छह घंटे बाद रात आठ बजे छोड़ा। अनिल ने बताया कि सूदखोर ने मजदूरी कर कमाए गए पांच सौ रुपये भी उससे छीन लिए। इस मामले में अनिल कुमार गुप्ता ने कोतवाली करनैलगंज में सूदखोर के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल हरी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।