गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर पराग डेयरी के पास शनिवार को दोपहर तेज रफ्तार एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। दुर्घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में एक साथ दो युवकों की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के सिसई इटवा गांव के रहने वाले रामसराधी का बेटा अच्छे (22) अपने बुआ के बेटे विश्वनाथ (20) पुत्र गुरुसरन के साथ मोटरसाइकिल से शनिवार की सुबह किसी काम के सिलसिले में मुख्यालय आने के लिए घर से निकला था।
इसी दौरान जब वह दोनों गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर पराग डेयरी के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे अच्छे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विश्वनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आनन-फानन में विश्वनाथ को किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। वहीं, हादसे में युवकों की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।