लुटेरे की तलाश में आई गाजियाबाद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद में सुनार की हत्या कर लूट के आरोपी की तलाश में गाजियाबाद पुलिस ने शुक्रवार रात जिले में दबिश दी। आरोपी के रिश्तेदारों के घर छापा मारा।
गाजियाबाद में जुलाई माह में सुनार प्रभाकर वर्मा को गोली मारकर बाइक सवार तीन बदमाशोें ने 3.70 लाख रुपये लूट लिए थे। प्रभाकर की बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। सुनार के पुत्र प्रदीप की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच के दौरान बुलंदशहर से दो बदमाशों को दबोच लिया। उनके कब्जे से चोरी की बाइक तथा लूट के 75 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। दबोचे गए बदमाश गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। पूछताछ में उन्होंने लूट में फरार आरोपी की भी पुलिस को जानकारी दी। गाजियाबाद पुलिस टीम के एसआई केपी सिंह, आरएन सिंह पुलिस के साथ दबोचे गए एक बदमाश को लेकर शुक्रवार रात मैनपुरी पहुंची। पुलिस ने लूट में शामिल सुनील यादव उर्फ पप्पू की तलाश में नगर के आवास विकास कालोनी में रात में ही दबिश दी। गाजियाबाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस को विश्वास में नहीं लिया। साथ लाए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रात में ही फरार आरोपी सुनील की तलाश में उसकी रिश्तेदारी थाना औंछा तथा बिछवां क्षेत्र में भी दबिश दी। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।