धानेपुर थाना क्षेत्र के करमडीह गांव के निकट एक युवक ने गुरुवार दोपहर स्कूल से घर जा रही छात्रा से दुराचार का प्रयास किया।
इस मामले में छात्रा के चाचा ने आरोपी के खिलाफ धानेपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने युवक के खिलाफ छेड़खानी व पास्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली तेरह वर्षीय लड़की एक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा है। दोपहर करीब बारह बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह पैदल अपने गांव जा रही थी।
छात्रा का आरोप है कि वह करमडीह गांव के पास पहुंची तभी आमिर ने उसका हाथ पकड़ लिया और उसे गन्ने के खेत में खींचकर उसके साथ दुराचार का प्रयास करने लगा। छात्रा ने शोर मचाया तो रास्ते से गुजर रहे दो राहगीरों ने युवक को ललकारा।
इस पर आरोपी मौके से भाग निकला। प्रभारी थानाध्यक्ष जंग बहादुर यादव ने बताया कि छात्रा के चाचा की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ छेड़खानी व पास्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।