नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती के साथ रेप के प्रयास में असफल होने पर उसका ब्लेड से गला रेत दिया। घायल युवती को जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता की तहरीर पर चचेरे मौसेरे भाई सहित चार के खिलाफ रेप व हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और तीन अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नगर कोतवाल पीएन तिवारी ने मंगलवार को बताया कि मझौवा गांव के ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनके गांव के पास पुल के किनारे खेत में घायलावस्था में एक युवती मिली है। पुलिस ने उसे जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाल ने बताया कि थाना बलाहड़गंज जिला गोरखपुर के एक गांव की निवासी करीब 26 वर्षीय युवती ने दी तहरीर में कहा है कि पतनई पोस्ट दोहरीघाट जिला मऊ निवासी वीरेंद्र यादव संयुक्त जिला अस्पताल में 100 नंबर एंबुलेंस का चालक है। आरोपी वीरेंद्र युवती का चचेरा मौसेरा भाई है। मौसेरे भाई ने अप्रैल में युवती के घर पर सूचना दी कि संयुक्त जिला अस्पताल में उसकी नौकरी लग जाएगी। उसने युवती को फोन कर बलरामपुर बुलाया।
सोमवार की शाम युवती के गोंडा पहुंचने पर अस्पताल के अटैच वाहन से मौसेरा भाई व तीन अन्य उसे लेने गए। संयुक्त अस्पताल पहुंचकर वाहन से दो लोग उतर गए। मौसेरा भाई व एक अन्य युवती को मझौवा गांव के निकट पुल के किनारे ले गए।
युवती से मौसेरे भाई ने रेप का प्रयास किया। रेप के प्रयास में असफल होने पर उसने युवती का गला ब्लेड से काट दिया और दोनों चले गए। रात भर युवती खेत में पड़ी रही। सुबह ग्रामीणों ने देखा और सूचना दी।
पीड़िता की तहरीर पर मौसेरे भाई वीरेंद्र व तीन अन्य अज्ञात के खिलाफ रेप व हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। वीरेंद्र को वाहन समेत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने मोबाइल व अन्य सामान बरामद कर लिया है।