कोतवाली पुलिस ने डीआईजी के आदेश पर किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मुकदमा एक महिला समेत चार लोगों के विरुद्ध दर्ज किया है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने गांव के ही बाबू खां उर्फ बउवा, पप्पू, कादिरा पत्नी भग्गन व भग्गन के विरुद्ध केस दर्ज कराया है।
आरोप है कि गत 6 मई को एक जलसे में वह परिवार के साथ हुआ था। घर में उसकी 15 वर्षीय पुत्री अकेली थी। इसी बीच गांव निवासी बाबू खां उर्फ बउवा ने उसकी नाबालिग पुत्री को अगवा कर लिया। जब वह वापस घर आया तो गांव के लोगों ने बताया कि तुम्हारी लड़की को बाबू खां के साथ देखा गया है। वह लड़की को ढूंढ़ते हुए बाबू के घर गया तो घर में ताला लगा हुआ था।
बाद में पता चला कि उसकी लड़की को लेकर वह मुंबई चला गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि बाबू की उम्र 48 वर्ष है तथा उसकी लड़की नाबालिग है। वह गांव की लड़कियों को बहला फुसला कर लेकर जाता है और उन्हें बेच देता है या गलत धंधे में शामिल कर देता है, जबकि बाबू शादीशुदा व्यक्ति है।
लड़की के पिता के प्रार्थना पत्र पर डीआईजी ने करनैलगंज पुलिस को मुकदमा लिखने का आदेश दिया था। करनैलगंज पुलिस ने बुधवार को बाबू सहित चार लोगों के विरुद्ध अपहरण कर लड़की के साथ दुराचार का मामला दर्ज किया है।