एलबीएस चौराहे पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई एक छात्रा को झांसा देकर एक जालसाज ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए। शक होने पर छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए भागने का प्रयास कर रहे युवक को दौड़ाकर बाइक से घसीट लिया और जमकर पीटा। छात्रा के शोर को सुनकर आसपास के मौके पर जुट गए और जालसाज युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के सदाशिव बाजार के करमडीह कला की रहने वाली निशा खातून स्नातक की पढ़ाई कर चुकी है। हाल ही में उसने बीटीसी के लिए आवेदन किया था। जिसमें उसे बहराइच जिले के पयागपुर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्रवेश लेना था। एडमीशन की फीस देने के लिए उसे रुपयों की आवश्यकता थी इसलिए सोमवार को वह एलबीएस चौराहे पर स्थित एटीएम से रुपये निकालने गई थी।
निशा ने बताया कि एटीएम में उसका कार्ड काम नही कर रहा था। इसी बीच बूथ के भीतर एक युवक पहुंच गया। मदद करने के नाम पर उसने छात्रा को झांसा देकर उसका एटीएम कार्ड ले लिया और उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये निकालने के बाद वह एटीएम से बाहर निकलने लगा तो छात्रा को अपने एटीएम कार्ड से रुपये निकाले जाने का शक हो गया। उसने युवक को आवाज दी तो वह अपनी बाइक पर बैठकर भागने लगा।
छात्रा ने दिलेरी दिखाते हुए एटीएम बूथ से निकलकर युवक को दौड़ाकर उसे बाइक से नीचे घसीट लिया और पीटने लगी। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और युवक को जमकर पीटा। इस घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल अशोक कुमार सिंह अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को थाने ले आए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजू निवासी मनकापुर बताया। छात्रा ने आरोपी युवक के खिलाफ कोतवाली नगर में रिपोर्ट कराई है।
छात्रा ने जिस दिलेरी का परिचय देते हुए जालसाज युवक को पकड़ा वह काबिले तारीफ है। इसके लिए उसकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है। उसकी जागरुकता के चलते ही उसके रुपये बच गए और जालसाज पकड़ा गया। इसके लिए उसे सम्मानित किया जाएगा।
उमेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक