स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के आसाम रोड पर देवरिया विश्वम्भरपुर गांव के निकट श्रीदत्तगंज चौकी में तैनात सिपाही को गुरुवार आधी रात तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। जिससे घटना स्थल पर ही सिपाही की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
श्रीदत्तगंज चौकी इंचार्ज अरुण कुमार त्रिगुनायत ने शुक्रवार को बताया कि गोरखपुर के थाना उरुवा बाजार ग्राम दुधरा निवासी 31 वर्षीय आनंद सिंह राणा कांस्टेबिल के पद पर जनपद में तैनात थे।
वर्तमान समय में आनंद सिंह की तैनाती श्रीदत्तगंज चौकी में थी। गुरुवार को उतरौला कोतवाली में सरकारी कार्य निपटाने के बाद आनंद रात में श्रीदत्तगंज चौकी आ रहे थे। रात करीब 11.30 बजे उतरौला कोतवाली क्षेत्र के देवरिया विश्म्भरपुर गांव के पास चीनी लादकर बलरामपुर से उतरौला की तरफ जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने आनंद को रौंद दिया।
चौकी के अन्य सिपाही भी उतरौला कोतवाली से श्रीदत्तगंज चौकी आ रहे थे। उन्होंने आनंद के साथ हुई घटना के संबंध में जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
आनंद के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आनंद के पिता अश्वनी कुमार सिंह रेडियो अनुरक्षण विभाग में आरएमओ के पद पर बस्ती जनपद में तैनात हैं। चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।