पचपेड़वा में मोहर्रम जुलूस के दौरान शनिवार शाम शरारती तत्वों द्वारा एक धार्मिक स्थल पर किये गये पथराव के विरोध में स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने रविवार को विरोध में बाजार बंद रखा। भाजपा नेताओं व स्थानीय लोगों ने थाने पर नामजद तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पचपेड़वा थाने में दी गई तहरीर में भाजपा नेता श्याम जायसवाल, रामसरन गुप्ता, विनय प्रकाश, अजय कुमार आदि ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम मोहर्रम जुलूस के दौरान बढ़नी मार्ग स्थित एक धार्मिक स्थल के सामने कुछ लोगों ने अभद्र नारेबाजी की तथा मना करने पर पथराव किया।
मंदिर से 25 हजार रुपये लूटने का भी आरोप है। भाजपा नेताओं ने कहा कि घटना अधिकारियों व पुलिस की मौजूदगी में हुई। देर रात अधिकारियों ने मामला रफादफा कराया।
सत्ता के दबाव में प्रशासन मामले में लीपापोती कर उपद्रवियों को बचाने का प्रयास कर रहा है। घटना के विरोध में लोगों ने रविवार को बाजार बंद रखा।
दोषियों के खिलाफ केस दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है। उधर थानाध्यक्ष वीपी यादव का कहना है कि घटना की छानबीन की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।