कोतवाली नगर अंतर्गत कानूनगोपुरा चौकी क्षेत्र के मोहल्ला ब्राह्मणीपुरा निवासी वेद प्रकाश श्रीवास्तव का चाय का होटल चित्रशाला रोड पर स्थित है। घर के आगे के हिस्से में वह चाय का होटल चलाते हैं।
शनिवार रात दस बजे के करीब मोहर्रम का जुलूस गुजर रहा था। तभी मोहल्ला जोशियापुरा निवासी नूर आलम सिद्दीकी उर्फ शानू, शाहिद नाऊ, शोएब चिकवा व हनी उर्फ शूटर अपने दो तीन अन्य साथियों के साथ दुकान पर चाय पीने पहुंच गए।
चाय बनाने में कुछ समय लग गया। इससे युवक नाराज हो गए। चाय पीने के बाद उसके पैसे मांगने पर युवकों ने दुकानदार पर हमला कर दिया। बचाने दौड़े उसके बेटे शिवम श्रीवास्तव की भी लाठी डंडों से पिटाई कर दी। दुकान में रखे कुर्सी, मेज, भगोना आदि को भी तोड़फोड़ कर तितर बितर कर दिया।
आसपास लोगों की भीड़ एकत्रित होने पर हमलावर भाग गए। सूचना मिलने पर कोतवाली नगर के सिपाही मौके पर पहुंच गए। चौकी इंचार्ज शेषमणि पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। मौके पर सिपाही भेजे गए थे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।