फर्जी कागजातों के सहारे बैंक में खाता खोलकर 6.52लाख रुपये का फर्जी चेक भुगतान कराने वाले जालसाज को पुलिस ने धर दबोचा। बैंक शाखा प्रबंधक की तहरीर पर जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
नगर कोतवाल मधुर मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि बलरामपुर नगर स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में बीती 28 जनवरी को पेहर बाजार के रहने वाले सूरजलाल ने हरवंशपुर निवासी रामकिशन के नाम से फर्जी बचत खाता खुलवाया।
खाते में सूरजलाल ने रामकिशन के नाम से फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए। 30 जनवरी को सूरजलाल अपने खाते में 6.52 लाख रुपये का चेक जमा करने पहुंचा। यह चेक शकील अहमद कादरी का था।
ओवरसीज बैंक के प्रबंधक अशोक यादव ने चेक के बारे में पूछताछ की तो सूरजलाल ने बताया कि उसने दो बीघा जमीन शकील को बेची है, उसी के बदले उसे यह चेक मिला है।
चेक क्लीयरेंस के दौरान एचडीएफसी बैंक ने चेक यह कहकर लौटा दिया कि चेक में ग्राहक का हस्ताक्षर भिन्न तथा ग्राहक ने इस तरह का कोई चेक ही जारी नहीं किया है।
दो फरवरी को जब सूरजलाल बैंक में चेक क्लीयरेंस का पैसा निकालने पहुंचा तो प्रबंधक ने मौके पर पुलिस बुलाकर मामले की जानकारी दी।
पुलिस की छानबीन में पता चला कि सूरजलाल फर्जी दस्तावेजों व चेक की मदद से 6.52 लाख रुपये का गबन करने का प्रयास कर रहा था।
बैंक प्रबंधक अशोक यादव की तहरीर पर पुलिस ने सूरजलाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपी सूरजलाल को जेल भेज दिया गया है। जांच के लिए पुलिस ने बैंक में प्रस्तुत सूरजलाल के सभी फर्जी दस्तावेज जब्त कर लिए है।