अपनी मां के साथ मासी की शादी में ननिहाल आई एक पांच साल की मासूम बच्ची को उसका एक रिश्तेदार बहला कर गांव के ही समीप एक पेड़ के पास ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। मासूम बच्ची की चीेख सुनकर दौड़े लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में मासूम बच्ची के नाना ने थाना कटरा बाजार में आरोपी युवक के खिलाफ बलात्कार व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले पांच वर्षीया मासूम बच्ची के नाना ने थाना कटरा बाजार में गुरुवार की देर रात दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उनकी छोटी बेटी की गुरुवार को शादी थी। जिसमें श्रावस्ती जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र के एक की रहने वाली उनकी बड़ी बेटी अपनी पांच साल की मासूम बेटी के साथ यहां आई थी। रात में बारात आने के बाद बराती व घराती सभी लोग खाना खा रहे थे।
इसी बीच शादी में आया उनका एक रिश्तेदार बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के डोलकुंआ गांव का रहने वाला राम प्रताप मासूम बच्ची को बहलाकर कुछ दूरी पर एक पेड़ के नीचे ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। उधर से गुजर रहे गांव के एक व्यक्ति ने बच्ची की चीख सुनी तो शादी समारोह में पहुंचकर लोगों को बताया।
इसके बाद लोग बच्ची को बचाने दौड़े तो आरोपी अंधरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। मगर गांव के लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले ग्रामीणों ने आरोपी को कर दिया। मासूम बच्ची के नाना ने थाना कटरा बाजार में आरोपी राम प्रताप के खिलाफ बलात्कार व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष कटराबाजार डीपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।