वजीरंगज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली रेप पीड़ित एक किशोरी को बुधवार देर रात आरोपी उठा ले गए। रेप पीड़ित किशोरी के बड़ी बहन के विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जमकर पीटा। इस मामले में पीड़ित की भाभी ने दो महिलाओं समेत 9 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एक गांव की रहने वाली एक महिला ने बुधवार देर रात थाना वजीरगंज में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि 29 दिसंबर 2016 को नूर अली अपने तीन साथियों के साथ उसकी 14 वर्षीया ननद को उठा ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था।
इस मामले में नूर अली समेत चार लोगों के खिलाफ थाना वजीरगंज में दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। किशोरी की भाभी ने बताया कि बुधवार की देर शाम अपनी छोटी व बड़ी ननद के साथ घर के बाहर निकली थी। तभी नूर अली अपने साथियों संग आ धमका और उसकी रेप पीड़िता छोटी ननद को उठा ले गए।
उसकी बड़ी बहन के विरोध करने पर उसे पीटकर घायल कर दिया। किशोरी की भाभी ने वजीरगंज में नूर अली, कादिर, इरशाद, योजम, रहमत, ईश मोहम्मद, यार मोहम्मद, शकीला बानौ व यार मोहम्मद की पत्नी के खिलाफ हमला व अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष वजीरगंज विनोध यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी ईश मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है।