छात्रों के बीच हुए मामूली कहासुनी से नाराज एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल ने शुक्रवार को हाईस्कूल के एक छात्र को लाठियों से जमकर पीटा। इस पिटाई से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पीड़ित छात्र ने उमरीबेगमगंज थाने में आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामला उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के सेमरीकला स्थित हनुमत बाल विद्यापीठ का है। सोनौली मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले अमित सिंह के मुताबिक वह हनुमत बाल विद्यापीठ में हाईस्कूल का छात्र है। अमित के मुताबिक गुरुवार को स्कूल के ही एक अन्य छात्र से उसकी मामूली रूप से कहासुनी हो गई थी।
अमित सिंह का कहना है कि दूसरा छात्र प्रिंसिपल के गांव है इसी बात को लेकर प्रिंसिपल उससे नाराज थे। शुक्रवार को जब वह स्कूल पहुंचा तो नाराज प्रिंसिपल ने उसे पकड़ लिया और उसपर स्कूल में छात्रों से अभद्रता करने का आरोप लगाया। जब उसने इस बात से इंकार किया तो नाराज प्रिंसिपल ने उसे लाठी मंगाकर पीटना शुरू कर दिया।
इस पिटाई से उसके हाथ व पीठ पर गंभीर चोट आई है। वह किसी तरह से अपनी जान बचाकर स्कूल से बाहर की तरफ भागा और घर पहुंचकर उसने अपने परिवारीजनों को इस घटना की जानकारी दी। अमित की हालत देखकर परिजन उसे लेकर उमरीबेगमगंज के एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे और उसका इलाज कराया।
इसके बाद पीड़ित छात्र अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने छात्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय ने बताया कि छात्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं इस संबंध में प्रिंसिपल उमाकांत सिंह का कहना है कि छात्र से मारपीट करने और अनुशासनहीनता करने पर अमित को डंडे से हल्का फुल्का दंड दिया गया है।