इटियाथोक थाना क्षेत्र के कलेना गांव में बुधवार देर रात सोते समय एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस मामले में बुजुर्ग के बेटे ने इटियाथोक थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के कलेना गांव के रहने वाले बाबूराम मौर्य ने बताया कि उसके पिता रामप्यारे मौर्य (70) घर से तीन सौ मीटर की दूरी पर खेत में मड़हा डालकर खेत की रखवाली करते थे।
वह खाना खाने के बाद हर रोज देर शाम मड़हे पर चले जाते थे और दूसरे दिन सुबह चाय पीने के लिए घर लौटते थे। बाबूराम के मुताबिक बुधवार देर शाम खाना खाने के बाद उसके पिता मड़हे पर सोने चले गए।
गुरुवार की सुबह वह नहीं लौटे तो वह पिता को बुलाने मड़हे पर पहुंचा। वहां उनका खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा मिला। रामप्यारे के सिर पर किसी ने धारदार हथियार से वारकर उनकी हत्या कर दी थी।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र सिंह, सीओ डॉ. राजेश त्रिपाठी, थानाध्यक्ष इंतखाब खां मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक ने परिवारीजनों व गांव के लोगों से जानकारी ली।
पुलिस हत्या का मोटिव तलाशने में जुटी है। इस मामले में बाबूराम ने इटियाथोक थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एएसपी ने बताया कि पुलिस टीम लगाई गई है। शीघ्र ही हत्या का खुलासा कर लिया जाएगा। उधर, कलेना गांव में रामप्यारे की सोते समय देर रात हुई हत्या के बाद सुबह पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून का नमूना लिया है। यहां टीम ने फोटोग्राफी भी की है।