परशुरामपुर बस्ती से रविवार देर शाम तगादा वसूल कर वापस फैजाबाद जा रहे एक व्यवसायी को नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा मोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों ने सामने से गोली मार दी और रुपये लूट कर भाग गए। घायल व्यवसायी को जिला अस्पताल फैजाबाद भेजा गया है, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
बताया जाता है कि रविवार देर शाम फैजाबाद नगर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर मोहल्ला निवासी नमकीन व्यवसायी संतोष पांडेय परशुरामपुर बस्ती से तगादा वसूली कर वापस अपने घर जा रहा था।
जैसे ही वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के लोलपुर गांव के पास कटरा मोड़ पर पहुंचा, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने संतोष पांडेय को सामने से सीने में गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल फैजाबाद भिजवाया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। बदमाशों ने उसके पास से रुपये भी लूट लिए, लेकिन कितने की लूट हुई, यह अभी ज्ञात नहीं हो सका है।
नवाबगंज थानाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही मौके पर पुलिस भेजी गई, लेकिन तब तक उसे फैजाबाद भेजा जा चुका था।
उन्होंने बताया कि घायल व्यवसायी को फैजाबाद से लखनऊ रेफर किए जाने की सूचना है। लूट की सूचना है, लेकिन इसकी जानकारी नहीं हो पायी है। पुलिस टीम को लखनऊ रवाना किया जा रहा है।