बम्डेरा गांव के मजरा कंधईपुरवा पूरे संगम में शुक्रवार देर रात आधा दर्जन बदमाशों ने दवा व्यवसायी के घर पर धावा बोल लिया। बदमाशों ने घर के बाहर सो रहे दवा व्यवसायी के नौकर को व्यवसायी समझकर उठा लिया और गांव के प्राथमिक विद्यालय में ले गए। वहां बदमाशों को उसने बताया कि वह व्यवसायी नहीं, उनका नौकर है। इस पर बदमाशों ने उसे छोड़ दिया।
छूटते ही उसने शोर मचाया तो गांव के लोग दौड़े। ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश भाग गए। शनिवार की सुबह प्राथमिक विद्यालय परिसर में ग्रामीणों को 315 बोर का तमंचा पड़ा मिला। पुलिस ने तमंचा जब्त कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के बम्डेरा गांव के मजरा कंधईपुरवा पूरे संगम निवासी दवा व्यवसायी मुकेश मिश्र ने बताया कि 21 जुलाई की रात उसके पिता मुरारी लाल की हत्या कर दी गयी थी, तभी से उसका पूरा परिवार दहशत में है।
मुकेश के मुताबिक कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के रेरुआ गांव का रहने वाला उनका नौकर रातछलन शुक्रवार की रात घर के बाहर दरवाजे पर सो रहा था। तभी देर रात वहां आधा दर्जन बदमाश आ धमके और रामछलन को कंबल में लपेट कर पास के प्राथमिक विद्यालय में ले गए।
वहां बदमाशों ने कंबल खोलकर उसका नाम पूछा तो उसने बदमाशों को बताया कि वह मुकेश नहीं उनका नौकर रामछलन है। इस पर बदमाशों ने उसे छोड़ दिया। वह शोर मचाता घर की और भागा तो गांव वाले दौड़े।
ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश भाग निकले। मुकेश ने बताया कि शनिवार की सुबह प्राथमिक विद्यालय में 315 बोर का तमंचा पड़ा मिला, जो बदमाशों से भागते समय गिर गया था। थानाध्यक्ष कटरा बाजार विनोद सिंह यादव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।