दो साल से युवक व युवती के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग के बीच मंगलवार को मनकापुर पुलिस ने कोतवाली परिसर में परिवारीजन की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी।
मनकापुर इंस्पेक्टर आलोक राव ने बताया कि कलेनिया गांव के मजरे गोठिया निवासी रामबरन के बेटे अमित कुमार (19) का इसी गांव निवासी मुन्नालाल की बेटी नीलू (18) से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
नीलू के घरवालों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने 30 जनवरी को दबाव बनाकर उससे अमित के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस पर पुलिस ने अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोमवार को अमित जमानत पर रिहा होकर घर पहुंचा। इसकी भनक लगते ही नीलू उसके घर पहुंच गई और शादी करने की जिद पर अड़ गई।
शोरशराबा सुनकर गांव के लोग भी पहुंच गए। सूचना पर पहुंची यूपी-100 की टीम अमित व नीलू को कोतवाली ले गई। कोतवाल ने बताया कि दोनों के परिवारीजन को बुलाकर तीन घंटे तक समझाया गया। इस पर परिवारीजन अमित व नीलू की शादी को तैयार हो गए। इसके बाद पुरोहित को बुलाकर कोतवाली में बने मंदिर में अमित व नीलू की मंत्रोच्चार के बीच शादी करा दी गई।
फिर परिवारीजन व पुलिसकर्मियाें को मिठाई बांटी गई। इस दौरान एसएसआई राजेश कुमार मिश्र, महिला एसआई निशा निषाद, एसआई दधिबल यादव, दिवाकर मिश्र, लल्लू राम, रवि, मुन्नालाल, आनंद कुमार आदि लोग मौजूद रहे।