हरैया में तस्करी की शराब के साथ बरामद कार।
- फोटो : अमर उजाला
विक्रमजोत (बस्ती)। फोरलेन पर छावनी थाने के बबुरहवा ओवरब्रिज के नीचे गुजर रही संदिग्ध लग्जरी कार का पुलिस के पीछा करने पर तस्कर कार छोड़कर भाग गए। जाते-जाते नंबर प्लेट भी नोच ले गए। चेसिस नंबर की मदद से पुलिस ने कार की शिनाख्त की, जो हरियाणा के निवासी के नाम है। तलाशी लेने पर डिग्गी से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
एसओ यशवंत के अनुसार सोमवार रात गश्त के दौरान हुंडई ईवान कार बबुरहवा के पास से देहात क्षेत्र में जाने के लिए मुड़ी। मुखबिर की सूचना पर पहले से मौजूद पुलिस ने रोकने का प्रयास किया परंतु कार में सवार लोग भागने लगे। पुलिस के अनुसार अंधेरे का फायदा उठाकर उसमें सवार लोग कार का नम्बर प्लेट निकाल कर भाग गए। कार से ऑफिसर्स च्वाइस ब्लू ब्रांड की 14 बोतल, 155 बोतल अध्धा और 80 शीशी पउव्वा लगभग 83 लीटर बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि हरियाणा की शराब छावनी क्षेत्र के सरकारी ठेकों पर खपाई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कार का चेचिस नंबर के माध्यम से कार स्वामी के बारे में पता किया गया। कार नीरज ठकराल पुत्र सतपाल निवासी ए-525/11गली, नंबर छह चित्रपुरी कॉलोनी सोनीपत हरियाणा के नाम पंजीकृत है। पुलिस ने कार स्वामी व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ आबकारी व मोटर अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।