फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम ने रविवार को अईली माझा में मतदाताओं को बांटने के लिए ले जाए जा रहे 25 हजार रुपये पकड़े हैं। पकड़ा गया युवक विधानसभा तरबगंज के सपा प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के पक्ष में वोट कराने के लिए मतदाताओं को रुपये बांटने जा रहा था। जबकि उसका एक साथी फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम को चकमा देकर फरार हो गया।
फ्लाइंग स्क्वॉयड मजिस्ट्रेट जेबी पाल ने बताया कि वह रविवार को अईली माझा में चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बाइक सवार दो युवक को रोका गया तो उनमें से एक फरार हो गया, जबकि एक युवक को दबोच लिया गया। उसके पास से 25 हजार रुपये बरामद हुए।
फ्लाइंग स्क्वॉयड मजिस्ट्रेट ने बताया कि पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम सिद्धार्थ सिंह निवासी मनकापुर बताया। उसने बताया कि फरार हुआ उसका साथी राकेश यादव निवासी अईली परसौली था।
फ्लाइंग स्क्वॉयड मजिस्ट्रेट के मुताबिक पकड़े गए सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि वह विघानसभा तरबगंज के सपा प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के पक्ष में वोट कराने के लिए मतदाताओं को रुपये बांटने जा रहा था। फ्लाइंग स्क्वॉयड मजिस्ट्रेट ने बताया कि पकड़े गए रुपयों को जब्त कर लिया गया। फ्लाइंग स्क्वायड मजिस्ट्रेट जेबी पाल ने थाना उमरीबेगमगंज में बृजेश सिंह व राकेश यादव के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई है।