नगर के गोविन्द बाग निवासी राधे ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर पूर्व विधायक के बेटे पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी से मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। वहीं पूर्व विधायक का कहना है राधे पर हमारे बेटे का बकाया निकल रहा है जिसको न देेने के लिए वह फर्जी आरोप लगा रहा है।
शनिवार को एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में राधे ने कहा है कि वह गरीब है। वह पूर्व विधायक मोहल्ला पुरैनिया तालबा निवासी अशफाक अहमद के बेटे आमिर के साथ मछली का व्यवसाय करता था। व्यवसाय में यह तय हुआ था कि यदि व्यापार में घाटा होगा तो उसकी भरपाई आमिर करेंगे तथा फायदा होगा तो राधे को आधा हिस्सा मिलेगा।
राधे का आरोप है कि गत 11 अप्रैल को आमिर ने हिसाब करने के लिए उसे अपने घर बुलाया तथा सादे स्टाम्प में दस्तखत करवा लिया और वीडियो बनाया कि मैं आमिर को 75 लाख दूंगा। पीड़ित का कहना है कि 12 अप्रैल को आमिर अपने भाई आशिफ के साथ मेरे घर आए और उसे मारते-पीटते हुए कनपटी पर असलहा लगा दिया और कहाकि तुम अपना धर्म परिवर्तन कर लो सारा पैसा माफ कर दूंगा।
पीड़ित का आरोप है कि विपक्षी उसकी जेब में रखा दो हजार रुपया और उसकी बाइक छीन ले गए हैं। पीड़ित का यह भी कहना है कि उसने मामले की तहरीर नगर कोतवाली में दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने एसपी से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।