फ्लाइंग स्क्वॉयड ने बुधवार को चेकिंग के दौरान एक बाइक और दो कार से करीब साढ़े पांच लाख की नकदी पकड़ी है। टीम ने बाइक से 1 लाख 54 हजार और कार से 1 लाख 40 हजार रुपये बरामद किए हैं और दूसरी कार से ढाई लाख रुपये मिले हैं। पकड़े गए रुपयों को जब्त कर लिया है।
फ्लाइंग स्क्वॉयड मजिस्ट्रेट अनुज सिंह ने बताया कि बुधवार की दोपहर वह थाना खरगूपुर के प्रभारी निरीक्षक बृजेन्द्र पटेल के साथ खरगूपुर-इटियाथोक मार्ग पर भवनियापुर चौराहे के पास बुधवार को चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच एक बाइक सवार आता दिखाई पड़ा।
उसे रोककर डिग्गी की तलाशी ली गई तो डिग्गी से 1 लाख 54 हजार रुपये बरामद हुए। मजिस्ट्रेट ने कहा कि बाइक सवार ने अपना नाम दिलीप कुमार निवासी बलरामपुर बताया। बरामद रुपयों के बारे में पूछताछ करने पर वह रुपयों को श्रोत नहीं बता सका, इसलिए रुपयों को जब्त कर लिया गया है।
वहीं फ्लाइंग स्क्वॉयड मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह चौकी प्रभारी भंभुवा संजीत कुमार सिंह हमराही अखिलेश सिंह के साथ बुधवार को भंभुवा पुलिस चौकी के समीप वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच लखनऊ की तरफ से आ रही एक कार को रोककर तलाशी ली गई तो कार सवार विश्वजीत वर्मा निवासी कानपुर के पास से 1 लाख 40 हजार रुपये बरामद हुआ।
पूछताछ में विश्वजीत बरामद रुपयों के बारे में कोई प्रमाण नहीं दे सका, इसलिए रुपयों को जब्त कर लिया गया। वहीं मंगुरा बाजार में स्क्वॉयड टीम ने सिसई चौराहे के समीप चेकिंग के दौरान 2 लाख 50 हजार रुपए नकदी पकड़ी है।
फ्लाइंग स्क्वॉयड मजिस्ट्रेट अश्विनी सिन्हा ने बताया कि कार सवार कानपुर के मनप्रीत सिंह कोई प्रमाण नहीं दे सका।