किसान की मौत के बाद बिलखते परिवारीजन
- फोटो : अमर उजाला
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के छिटनापुर गांव के मजरा नंदापुरवा में पेड़ की डाल काट लेने के विवाद को लेकर बाप-बेटे ने बीते दिन एक किसान को कुल्हाड़ी से काट कर मरणासन्न कर दिया। घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। किसान की सोमवार की सुबह इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज लखनऊ में मौत हो गई। इस मामले में किसान के बेटे ने थाना कटरा बाजार में बाप-बेटे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के छिटनापुर गांव के मजरा नंदापुरवा के रहने वाले सुमित कुमार मिश्र ने बताया कि छिटनापुर गांव के मजरा गोड़ियनपुरवा निवासी नकछेद व उसका बेटा राजबख्श शनिवार की दोपहर उसके खेत में लगे शीशम के पेड़ की डाल काटकर ले जा रहे थे।
सुमित के मुताबिक पता चलने पर उसने और पिता अंजनी मिश्र (45) ने गांव के समीप एक बाग के पास बाप-बेटे को रोक लिया और डाल काटने के बारे में पूछताछ करने लगे। इसी बीच बाप-बेटे ने उसके पिता को कुल्हाड़ी से मारकर मरणासन्न कर दिया और भाग गए।
आनन-फानन में घायल किसान को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां किसान की इलाज के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई।
इस मामले में किसान के बेटे सुमित कुमार मिश्र ने थाना कटरा बाजार में नकछेद व उसका बेटा राजबख्श के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कटरा बाजार प्रेमनाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।