कोतवाली देहात क्षेत्र के खरगूचांदपुर गांव के मजरा कोटिया लोहारन पुरवा के रहने वाले एक किसान की बकाया तीन हजार रुपये न देने पर उसकी हत्या कर शव चंदहा नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में किसान की पत्नी ने कोतवाली देहात में बकाया रुपये मांगने वाले एक युवक के खिलाफ मारपीट व पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के खरगूचांदुपर गांव के मजरा कोटिया लोहारन पुरवा की रहने वाली संगीता ने बताया कि उसके पति पर पास के निबिहा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति के तीन हजार रुपये बकाया थे। वह कई दिनों ने बकाया रुपये मांग रहा था।
संगीता के मुताबिक उसका पति कोयलाहे सिंह (35) 20 नवंबर को दोपहर खाद-बीज लाने के लिए साइकिल से मंगुरा बाजार गया था। वहां से खरीदारी के बाद कोयलाहे निबिहा गांव के हनुमान बढ़ई के यहां किसी काम से गया था।
देर शाम हनुमान का बेटा राजेश उसे गांव के समीप छोड़कर चला गया। मगर कोयलाहे देर रात तक घर नहीं पहुंचे। उसकी काफी तलाश की गई, मगर कहीं पता नहीं चल सका। संगीता ने बताया कि उसके पति कोयलाहे पर जिसका तीन हजार रुपये बकाया था, वह 21 नवंबर की सुबह उसके घर पहुंचा और बकाया रुपये मांगने लगा। संगीता ने बताया कि उसके पास रुपये नहीं थे, इसलिए उसने कहा कि उसके पति अभी नहीं आए हैं, आने पर वही रुपये देंगे। इसी बात पर बकाया रुपये मांगने आए व्यक्ति ने उसे मारापीटा और धमकी देकर चला गया।
संगीता ने मंगलवार को पुलिस को पति की हत्या करके शव गायब कर देने की सूचना दी। तलाश के दौरान कोयलाहे का शव चंदहा नाले में जलकुंभी के नीचे पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संगीता का आरोप है कि बकाया रुपये मांगने वाले व्यक्ति ने उसके पति की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।