केरोसिन से नकली डीजल बनाने की फैक्ट्री चलाने वाले गिरजा प्रसाद गुप्ता के खिलाफ पूर्ति विभाग ने देहात कोतवाली में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कालाबाजारी का केस दर्ज कराया है। कथित नकली डीजल फैक्ट्री संचालक गिरजा प्रसाद फरार है।
डीएम व एसडीएम सदर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने गुरुवार को देहात कोतवाली क्षेत्र में गोंडा-उतरौला मार्ग पर सोनवरसा गांव के पास मिट्टी तेल से डीजल बनाने की फैक्ट्री संचालन का भंडाफोड़ किया था।
टीम ने 16 ड्रम मिट्टी का तेल व नकली डीजल के अलावा नकली डीजल बनाने का केमिकल व उपकरण बरामद किए थे। वहीं मौके से ही छापेमारी के दौरान केरोसिन से नकली डीजल बनाने के कारोबार में लगे लोग भाग गए थे।
क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक प्रवीण कुमार ने इस मामले की रिपोर्ट एसडीएम को भेजी थी। एसडीएम अविनाश कुमार ने यह रिपोर्ट डीएम को भेजी। डीएम ने गुरुवार को ही इस मामले में नकली डीजल फैक्ट्री संचालित करने वाले दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की हरी झंडी दे दी थी।
डीएम के आदेश पर क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक प्रवीण कुमार ने शुक्रवार को कोतवाली देहात में तहरीर दी थी। इस मामले में पुलिस ने नकली डीजल बनाने के आरोपी गिरजा शंकर गुप्ता निवासी परसा सोनवरसा कोतवाली देहात के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कालाबाजारी करने का के स दर्ज कर लिया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि केस दर्ज कर फरार नामजद आरोपी गिरजा शंकर की तलाश की जा रही है।