खोड़ारे थाना क्षेत्र के केशवनगर गांव के मजरा जुजहरिया वर्माडीह में दहेज न मिलने पर ससुरालियों ने एक महिला की हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद महिला का पिता जब उसके गांव पहुंचा तो उसका शव जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बस्ती जनपद के हरैय्या थाना क्षेत्र के रजई छपिया गांव निवासी राम आज्ञा ने बताया कि उसने दो साल पहले अपनी बेटी वनदेवी (25) की शादी खोड़ारे थाना क्षेत्र के केशवनगर गांव के मजरा जुजहरिया वर्माडीह के रहने वाले एक युवक से की थी। राम आज्ञा के मुताबिक ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को प्रताड़ित करते थे।
उनका आरोप है कि दहेज न मिलने के कारण ससुराल वालों ने बुधवार की शाम वनदेवी की हत्या कर दी। राम आज्ञा ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद जब वह बेटी की ससुराल पहुंचे तो उसका शव जमीन पर पड़ा मिला। इस मामले में राम आज्ञा ने खोड़ारे थाने में ससुरालियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष खोड़ारे बाबूराम यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।