कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने गुरुवार को ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी सहित आठ व्यक्तियों के विरुद्ध जाली एवं कूटरचित अभिलेखों के आधार पर इंदिरा आवास की धनराशि हड़पने का केस दर्ज किया है।
शिव पूजन निवासी बड़कुइयां करौंदा की ओर से केस दर्ज कराया गया। इसके अनुसार ग्राम प्रधान बड़कुइयां अरुण कुमार शुक्ल, ग्राम विकास अधिकारी दुर्गा प्रसाद मिश्र निवासी सिंगहा भोज तरबगंज, एपी मिश्र सत्यापन एवं सेक्टर प्रभारी इंदिरा आवास योजना व लाभार्थी श्याम कला, सुंदर लाल, निर्मला, सीताराम व श्रीराम निवासी गण बड़कुइयां ने मिलीभगत कर एपीएल कार्ड धारकों को बीपीएल दर्शा दिया।
आवास न बनने पर भी सत्यापन करके एक ही आईडी पर विभिन्न व्यक्तियों को आवास आवंटित कर दिया। पति-पत्नी दोनों के नाम आवास आवंटित कर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत फर्जी राशन कार्ड बनाकर धोखाधड़ी कर कूटरचित अभिलेखों द्वारा सरकारी धन का गबन कर लिया गया। सीजेएम गोंडा के बीते 22 दिसंबर के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।