थाना क्षेत्र के रूपनगर गांव में छत के रास्ते घर में घुसे डकैतों ने तीन लाख रुपये के जेवर व एक लाख की नकदी लूट ली। विरोध करने पर डकैतों ने गृहस्वामी को बेरहमी से पीट दिया। हालत गंभीर होने पर घायल गृहस्वामी को बहराइच रेफर किया गया है।
महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम रूपनगर निवासी गोरखनाथ और राकेश ने बताया कि शुक्रवार देर रात छत के रास्ते उनके घर में करीब आधा दर्जन डकैत घुस आए। खटपट की आवाज सुनकर गोरखनाथ के पिता शिवपूजन (48) जाग गए।
शिवपूजन ने डकैतों का विरोध किया तो डकैैतों ने उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। शिवपूजन को लहूलुहान करने के बाद डकैत घर में रखा बक्सा लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, बक्से में करीब तीन लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपए नकद रखे थे।
शनिवार सुबह घर का बक्सा गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में टूटा हुआ मिला। डकैतों के फरार होने के बाद परिवारीजन शिवपूजन को जिला अस्पताल ले आए। डॉक्टर ने उन्हें बहराइच रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी नीतेश सिंह और थानाध्यक्ष साधूराम ने मामले की छानबीन की है।