तुलसीपुर थाना क्षेत्र के नथुनिया मोड़ चौराहे पर गुरुवार दोपहर पूर्व विधायक व पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बीच जमकर बवाल हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर भीड़ को तितर-बितर किया और पूर्व ब्लॉक प्रमुुख को थाने ले आई। दोनों लोगों ने थाने में तहरीर देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
तुलसीपुर थाने में दी तहरीर में पूर्व ब्लॉक प्रमुुख अली हसन ने कहा है कि गुरुवार को वह नथुनिया मोड़ स्थित अपने निर्माणाधीन मकान की देखरेख करने गये थे। इसी बीच गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व बसपा विधायक अलाउद्दीन खां तथा उनके भाई गैसड़ी ब्लॉक प्रमुख फसीउद्दीन खां अपने परिवारीजनों व समर्थकों के साथ नथुनिया मोड़ पहुंचे और अली हसन को घेरकर पीटने लगे।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर भीड़ को मौके से खदेड़ा तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख को थाने ले आई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने विधायक व उनके परिवारीजनों पर 55 हजार रुपये छीन लेने का भी आरोप लगाया है। वहीं, पूर्व विधायक अलाउद्दीन खां का कहना है कि मंगलवार देर रात नथुनिया मोड़ पर उनके चचेरे भाई व भतीजे की मौत ट्रक की चपेट में आने से नहीं, बल्कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से हुई थी।
मामले का पता चलने पर गुरुवार को वे तहकीकात करने नथुनिया मोड़ गए थे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख खुद को बचाने के लिए मेरे तथा मेरे परिवारीजनों पर झूठा व बेबुनियाद आरोप लगा रहे है। विधायक ने यह भी बताया कि मैंने अपने परिवार के सदस्य मोहम्मद सलीम ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई तथा मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
थानाध्यक्ष भीष्मपाल सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। मामले की छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एहतियात के तौर पर पीएसी व पुलिस के जवानों की तैनाती कर दी गई है।